भिण्ड, 21 दिसम्बर।मनीष दुबे
जिले में चार दिनों से लगातार कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस पर टिका हुआ है। चौथे दिन कोहरे के कारण भगवान सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। रविवार सुबह भी घने कोहरे के बीच लोग घर से नहीं निकले। दोपहर 12 बजे तक भी कोहरा साफ नजर आ रहा था।
भिंड शहर इन दिनों पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाओं से ठिठुर रहा है। उत्तर भारत से दिन में 8 से 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। रात 8 बजे के बाद कोहरा और घना हो जाता है। हालात यह हैं कि रात में सड़क पर 50 फीट की दूरी तक भी कुछ दिखाई नहीं देता। घना कोहरा सुबह 8 बजे तक बना रहता है। इसके बाद तापमान बढ़ने के साथ कोहरा थोड़ा छंटने लगता है, लेकिन पूरी तरह साफ नहीं हो रहा है। रविवार को दिन का पारा दो डिग्री गिरकर अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस पर टिका हुआ है। दिन में हवाएं लगातार चल रही हैं। दोपहर 12 बजे शहर में आर्द्रता 57 प्रतिशत और दृश्यता करीब 5 किमी दर्ज की गई।
सड़कों पर छाया सन्नाटा
सर्दी और घने कोहरे का असर शहर की रफ्तार पर भी पड़ा है। सुबह 7 बजे तक शहर की सड़कें कोहरे से घिरी रहती हैं और इक्का-दुक्का वाहन ही नजर आते हैं। यही दृश्य रात में भी दिखाई देता है। रात 8 बजे के बाद शहर की कई सड़कें खाली हो जाती हैं और बाजारों में भी सन्नाटा छा जाता है। गजक विक्रेता रामदास राठौर ने बताया कि सर्दी बढ़ने के साथ शाम को लोग घरों से निकलकर मूंगफली और गजक खरीदने आते हैं। इन दिनों मांग ज्यादा बनी हुई है।
कलेक्टर ने नर्सरी से कक्षा 8वीं तक शाला के समय में किया परिवर्तन
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट भिण्ड ने तापमान में गिरावट होने से संस्थाओं में अध्ययनरत छात्र/ छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए भिण्ड जिले में संचालित समस्त शासकीय/ अशासकीय/ केन्द्रीय विद्यालय/ जवाहर नवोदय विद्यालय/ आईसीएसई/ सीबीएसई/ अन्य मान्यता प्राप्त कक्षा नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की सुबह संचालित समस्त शालाओं के शाला संचालन का समय सुबह 9 बजे से एवं दो पाली में लगने वाली संस्थाएं 8:30 के बाद अग्रिम आदेश तक कर दिया है। अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं अपने निर्धारित समय पर संचालित होंगी। यह आदेश 22 दिसंबर से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा।


