– सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ, विधायक कुशवाह ने युवाओं को दिया प्रोत्साहन संदेश
भिण्ड, 19 दिसम्बर। सांसद खेल महोत्सव के तहत विधानसभा क्षेत्र 10 भिण्ड का खेल महोत्सव विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में राजीव गांधी खेल परिसर एमजेएस कॉलेज भिण्ड में भव्य रूप से प्रारंभ हुआ। इस आयोजन ने क्षेत्र के खेल प्रेमियों में उत्साह का संचार कर दिया। विधानसभा के समस्त संकुल केन्द्रों से संकुल स्तरीय विजेता खिलाड़ियों और टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लगभग 250 प्रतिभावी खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी कला का प्रदर्शन करने मैदान में उतरे, जबकि करीब 500 खेल प्रेमी दर्शक के रूप में उपस्थित होकर उनका हौसला बढ़ाते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी मेहनत और लगन ही भिण्ड जिले का नाम देश-प्रदेश में रोशन करेगी। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य का साधन है, बल्कि यह अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास का भी पाठ पढ़ाता है। आप जैसे युवा ही भारत को खेलोत्तम राष्ट्र बनाने में योगदान देंगे। विधायक ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि राज्य सरकार और केन्द्र सरकार खेल क्षेत्र में निरंतर निवेश कर रही है और भिण्ड जैसे क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक कुशवाह ने खेलों के विकास हेतु भोपाल से स्वीकृत कराए गए लगभग 10 करोड़ रुपए के कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इन धनराशि से खेल परिसरों का आधुनिकीकरण, नए स्टेडियम निर्माण सुविधाओं का विस्तार और उपकरणों की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि ये कार्य न केवल भिण्ड को खेल नगरी बनाएंगे, बल्कि ग्रामीण युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जनपद पंचायत अध्यक्षा सरोज बघेल ने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल से जुड़ना नशे और कुरीतियों से दूर रहने का सर्वोत्तम माध्यम है। हम सब मिलकर ऐसे आयोजनों को सफल बनाएंगे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीईओ राजीव कुमार मिश्र, बईओ उमेश सिंह भदौरिया सहित अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


