– शहर के बस स्टैण्ड पर दो युवकों ने युवती पर की थी अभद्र टिप्पणी
भिण्ड, 19 दिसम्बर। कोतवाली थाना क्षेत्र में शहर के बस स्टेण्ड पर दो युवकों द्वारा एक युवती पर अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करने पर उसके साथ मौजूद महिला यात्रियों ने मौके पर ही युवक को पकड़ लिया और चप्पलों से जमकर धुनाई की। इस दौरान कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक शहर के बस स्टैण्ड के पास स्थित रॉयल होटल के सामने गुरुवार देर शाम दो मनचले युवकों को युवती से सरेराह छेड़छाड़ कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने सड़क से गुजर रही युवती पर अभद्र शब्द कहे। युवती के साथ मौजूद महिलाओं ने इसका विरोध करते हुए दोनों युवकों को पकड़ कर चप्पलों और थप्पड़ों से युवक की पिटाई कर दी। बताया गया है कि महिलाओं द्वारा पिटाई करने के दौरान युवक खुद को निर्दोष बताते हुए सफाई देते रहे लेकिन महिलाएं उसकी हरकत को लेकर नाराजगी जताती रहीं। इसी बीच किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद महिलाओं ने युवकों को जाने दिया। इस मामले की सिटी कोतवाली थाने में भी कोई शिकायत किए जाने की जानकारी नहीं मिली है।


