– डिड़ी हाईवे पर हादसे में जान गंवाई, परिवार पर दर्ज प्रकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक से हुई बात
भिण्ड, 17 दिसम्बर। ग्वालियर-भिण्ड हाईवे सिक्स लेन बनाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे संत कालीदास महाराज ने बुधवार को डिड़ी मठीपुरा निवासी मृतिका श्वेता यादव के परिवार जनों से मुलाकात की। बेटी के पिता रवि यादव को ढांढस बंधाया साथ ही हादसे के दौरान भावुक होकर परिवार जनों द्वारा किए चक्काजाम करने को लेकर दर्ज प्रकरण को लेकर दुख व्यक्त किया।
संत कालीदास महाराज ने मौके पर भिण्ड पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव से फोन पर बात की और दुख की घड़ी में पुलिस परीक्षा पास की हुई बेटी की हादसे में जान गंवाने के बाद प्रकरण दर्ज होना उचित नहीं है, पुलिस अधीक्षक ने महाराज को आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार के प्रति हम सभी की गहरी संवेदनाएं हैं। पुलिस परिवार को किसी भी तरह परेशान नहीं करेगी और जल्दी ही प्रकरण का निकाल होगा।
संत कालीदास महाराज ने इस अवसर पर कहा कि बड़ी पीड़ा होती है जब हम अपने होनहार नौजवान बच्चों को संकुचित हादसे में खो देते हैं, आए दिन हो रहे हादसों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। महाराज ने सभी समाजों से अपील की कि संत समाज द्वारा होने वाले टोल फ्री आंदोलन में सभी लोग संत समाज के साथ अपनी सहभागिता मजबूती के साथ करेंख् जल्दी ही टोल फ्री आंदोलन की तारीख घोषित की जाएगी। इस अवसर पर समाजसेवी आलोक यादव, देवेश शर्मा, राजेश यादव गडूपुरा, रोमी चौहान, शुभम पचौरी, रवि यादव, राकेश यादव, उदयवीर यादव, राजू यादव, धर्मेन्द्र यादव, रवि समेत परिवार जन उपस्थित रहे।


