– विधायक ने 2.98 करोड़ से बनने वाले नवीन इंडोर स्टेडियम का किया भूमिपूजन, खेल प्रेमियों को मिली बड़ी सौगात
भिण्ड, 15 दिसम्बर। लगभग 2 करोड़ 98 लाख 2 हजार 887 की लागत से बनने वाले नवीन इंडोर स्टेडियम का भूमिपूजन कार्यक्रम एमजेएस स्टेडियम में आयोजित किया गया। जिसमें विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इस दौरान एसडीओपी भिण्ड रविन्द्र वास्कले, एमपी हाउसिंग बोर्ड के एई, खेल एवं युवा कल्याण विभाग से रामबाबू कुशवाह, खेल प्रशिक्षक संजय पंकज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि एक आधुनिक इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए आज भूमिपूजन किया गया है, जो युवाओं को खेल सुविधाएं प्रदान करेगा। लगभग 2.98 करोड़ की लागत से बनने वाला यह स्टेडियम खिलाड़ियों की विभिन्न आवश्यकताओं एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, यह स्टेडियम लगभग 26.5 मीटर चौड़ा और 48 मीटर का बनेगा, इसमें दो स्क्वैश कोर्ट, दो टेबल टेनिस कोर्ट, दो बैडमिंटन कोर्ट, एक मेन हॉल, एक जिम और एक कार्यालय कक्ष जैसी सुविधाएं होंगी, जिससे खिलाड़ियों को बहुत लाभ होगा। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम खिलाड़ियों को विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करेगा और भिण्ड के खेल प्रेमियों के लिए यह एक बड़ी सौगात है।
विधायक कुशवाह ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में भिण्ड विधानसभा क्षेत्र में यह आधुनिक खेल परिसर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियां युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि इस स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को व्यायाम के साथ ही खेल सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे।


