– ग्रामीण जिला कांग्रेस ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर की संगोष्ठी
भिण्ड, 15 दिसम्बर। भारत रत्न से सम्मानित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर ग्रामीण जिला कांग्रेस कार्यालय पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष महेश जाटव ने किया।
संगोष्ठी में ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल एक भारतीय स्वतंत्रता कार्यकर्ता और राजनेता थे, जिन्होंने 1947 से 1950 तक भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में कार्य किया। राष्ट्रीय एकता के प्रतीक, मजबूत भारत के शिल्पकार सरदार पटेल ने खंड-खंड में बँटे आजाद भारत को तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद एकीकृत कर मजबूत राष्ट्र का सुदृढ़ रूप दिया। देश के पहले गृह मंत्री के रूप में भारत की सुरक्षा, आंतरिक स्थिरता एवं शांति की स्थापना को ही उन्होंने अपना जीवन लक्ष्य बनाया। सहकारी आंदोलन को पुनर्जीवित कर महिलाओं, किसानों के स्वावलंबन से आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने वाले पटेल राष्ट्र प्रथम के पथ पर ध्रुव तारे के समान हम सभी का मार्गदर्शन करते रहेंगे। संगोष्ठी में मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, कार्यालय प्रभारी रामस्वरूप गोयल, संगठन मंत्री इरशाद अहमद, भागीरथ कुशवाहा, संदीप बघेल, गोविन्द सिंह राजावत, राघवेन्द्र शर्मा, विपिन बघेल, प्रमोद बघेल, रोहित अर्गल, बलदेव बघेल छोटू उपस्थित रहे।


