– डीएलसीसी की बैठक में सभी बैंकों के समन्वयकों को दिए निर्देश
ग्वालियर, 13 दिसम्बर। कुछ बैंकों द्वारा स्वरोजगारमूलक योजनाओं के तहत ऋण प्रकरण तो स्वीकृत कर दिए हैं, परंतु हितग्राहियों को ऋण वितरण नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने नाराजगी जताई है। कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार एवं समीक्षा समिति (डीएलसीसी) की बैठक में उन्होंने ऐसे सभी बैंकों को 31 दिसंबर तक ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर चौहान ने बैठक में मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे स्वरोजगार मूलक योजनाओं की लक्ष्य पूर्ति के लिए बैंकों में लक्ष्य के अनुपात में अधिक प्रकरण प्रस्तुत करें। साथ ही बैंकों से लगातार संपर्क बनाए रखकर प्रकरण स्वीकृत कराकर वितरण भी कराएं। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित सभी स्वरोजगार मूलक योजनाओं के लक्ष्य की पूर्ति करने के निर्देश बैठक में मौजूद सभी बैंकों के समन्वयकों को दिए। सभी बैंकों को पशुपालन विभाग के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से संबंधित प्रकरणों को जल्द से जल्द स्वीकृत कर केसीसी जारी करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। कलेक्ट्रेट के सभागार में बीते रोज आयोजित हुई डीएलसीसी की बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक अमिता शर्मा सहित विभिन्न बैंकों के समन्वयक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


