– इंटक मैदान में 14 दिसंबर की शाम सजेगी पूर्वरंग गमक की संगीत सभा
– ‘प्यार तो होना ही था’ सहित बॉलीवुड की अन्य हिट फिल्मों के गानों को दी है अपनी आवाज
ग्वालियर, 13 दिसम्बर। संगीतधानी ग्वालियर में तानसेन समारोह की पूर्व संध्या यानि 14 दिसंबर को शाम 6 बजे हजीरा स्थित इंटक मैदान में पारंपरिक रूप से पूर्वरंग ‘गमक’ संगीत सभा सजेगी। ‘गमक’ की सभा विश्व विख्यात सूफी गायिका, पार्श्व गायिका एवं शास्त्रीय संगीत गायिका जसपिंदर नरूला की प्रस्तुतियों से गुलजार होगी। दुनियाभर में सूफियाना, सुगम संगीत व फिल्मी पार्श्व गायन का परचम लहरा रहीं जसपिंदर नरूला बॉलीवुड फिल्मों में भी कई हिट गीत गा चुकी हैं। उन्हें हिन्दी फिल्म ‘प्यार तो होना ही थाÓ में रेमो फर्नांडिस के साथ गाए गए टाइटल गीत से प्रसिद्धि मिली थी। इसके लिए सुश्री नरूला को वर्ष 1999 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म फेयर पुरस्कार से नवाजा गया था।
सुश्री जसपिंदर नरूला ने इसके अलावा ‘मिशन कश्मीर’, ‘मोहब्बतें’, ‘फिर भी दिल है हिन्दुस्तानी’ एवं ‘बंटी और बबली’ जैसी हिट फिल्मों के गानों को अपनी आवाज दी है। नरूला सूफी संगीत के साथ-साथ गुरुवानी और सिख धर्म के संगीत की निपुण गायिका भी हैं। उन्होंने मुदासिर अली के साथ हिन्दी संगीत वीडियो ‘मौला अली अली’ में भी गाया है। इसके अलावा एनडीटीवी इमेजिन गायन रियलिटी श्रृंखला ‘धूम मचा दे’ में भारत की सर्वश्रेष्ठ लाइव कलाकार का खिताब भी जीता है। उनके सूफियाना कलाम, भजन एवं गीतों से रविवार 14 दिसंबर की शाम संगीतमय होगी। राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन, नगर निगम व पुलिस के सहयोग से आयोजित हो रहे तानसेन समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समारोह में शहर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, संगीत प्रेमियों एवं पत्रकारगणों को आमंत्रित किया गया है। समारोह पूर्णत: नि:शुल्क है।
ज्ञात हो तानसेन समारोह में यह परम्परा रही है कि एक दिन पूर्व संध्या पर इंटक मैदान, ग्वालियर में संगीत सभा का आयोजन किया जाता है। इसमें सुगम संगीत की सभा का आयोजन किया जाता रहा है। इसी के अनुरूप इस वर्ष 14 दिसंबर को शाम 6 बजे से सुविख्यात गायिका जसपिंदर नरूला, मुंबई की सूफी गायन सभा का आयोजन किया जा रहा है। इसके पूर्व चंदन दास, सुश्री रिचा शर्मा, हंसराज हंस, वडाली बंधु जैसे सुविख्यात गायक कलाकारों की प्रस्तुतियां गमक में हो चुकी हैं।


