– अनियंत्रित गति से आ रहा डंपर एसएएफ की बाउंड्री तोड़कर अंदर घुसा
भिण्ड, 12 दिसम्बर। अनियंत्रित गति से आ रहा गिट्टी से भरा एक डंपर शहर के इटावा रोड स्थित एसएएफ की 17वीं बटालियन की बाउण्ड्रीवॉल तोड़ कर अंदर घुस गया। इसी दरम्यान स्कूटी और बाइक सवार उसकी चपेट में आ गया। हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गुरुवार देर रात करीब 12 से एक बजे की है।
जानकारी के मुताबिक कुरथरा रोड निवासी भगवान सिंह वर्मा उम्र 40 वर्ष अपनी स्कूटी से भिण्ड शहर की ओर आ रहे थे। उनके पीछे जोशी नगर निवासी किशोरी लाल उम्र 56 वर्ष बाइक से आ रहे थे। इसी दौरान भिण्ड से इटावा की ओर जा रहा तेज रफ्तार डंपर 17वीं बटालियन के पास अनियंत्रित होकर गलत साइड में आ गया। सामने से आ रहे भगवान सिंह डंपर की चपेट में आ गए। उनके पीछे आ रहे किशोरी लाल बाइक समेत डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए। उधर डंपर एसएएफ की बाउण्ड्रीवॉल तोड़कर अंदर घुस गया और पेड़ से टकरा गया। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर डंपर छोड़कर भाग गया। स्थानीय निवासियों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने भगवान सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोरीलाल के परिजन अस्पताल पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कराया। शहर कोतवाली पुलिस मामले की जांच के साथ डंपर चालक की पतारसी कर रही है।


