– ई-केवाईसी नहीं कराने पर भविष्य में राशन के लाभ से हो सकते हैं वंचित
– संबंधित दुकान के विक्रेता द्वारा नि:शुल्क की जा रही है ई-केवाईसी
भिण्ड, 12 दिसम्बर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग भोपाल द्वारा वर्तमान में पात्रता पर्चीधारियों की ई-केवाईसी का कार्य कराया जा रहा है। जिला भिण्ड में माह दिसंबर 2025 में नौ लाख 22 हजार 454 हितग्राही पंजीकृत हैं। जिसमें से आठ लाख 44 हजार 27 हितग्राहियों द्वारा ई-केवाईसी कराया जा चुका है, वर्तमान में 78 हजार 427 हितग्राही ई-केवाईसी हेतु शेष हैं, जिनकी ई-केवाईसी का कार्य पीओएस मशीन के माध्यम से जिले में पंजीकृत 576 शासकीय उचित मूल्य दुकानों के विक्रेताओं द्वारा पीओएस मशीन के माध्यम से प्रतिदिन किया जा रहा है।
बिना ईकेवाईसी सदस्यों का राशन केवाईसी के अभाव में पीओएस मशीन पर प्रदर्शित नहीं है। जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति अधिकारी ने सभी पात्र परिवारों से अनुरोध किया है कि परिवार के ई-केवाईसी हेतु शेष रहे सभी सदस्यों की ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराएं। नवीन परिवार एवं नवीन सदस्य जिनके आवेदन पोर्टल पर फीड हैं, ई-केवाईसी कराए जाने के पश्चात नवीन पात्रता पर्ची जारी होगी। इसी प्रकार परिवार में जोड़े गए सदस्यों की ई-केवाईसी कराने के पश्चात ही परिवार में सदस्य वृद्धि होगी। इस हेतु प्रत्येक सदस्य को अपने आधार कार्ड के साथ शासकीय उचित मूल्य दुकान पर जाना है। जहां पर विक्रेता पीओएस मशीन के माध्यम से ई-कवाईसी करेगा। ई-केवाईसी नहीं कराने पर भविष्य में परिवार के सदस्य को राशन के लाभ से वंचित किया जा सकता है। ई-केवाईसी संबंधित दुकान के विक्रेता द्वारा नि:शुल्क की जा रही है। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय की खाद्य शाखा से संपर्क करें।

