– 55 दिन बाद भी बेटे के हत्यारे फरार
भिण्ड, 11 दिसम्बर। गोहद के खड़ेर मौजे में 15 अक्टूबर की रात को अज्ञात आरोपियों द्वारा ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे संदीप जाटव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मंगलवार को मृतक के पिता सहित ग्रामीण हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे। यहां संदीप के पिता ने पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव से गोहद थाना प्रभारी अभिषेक गौतम पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
एसपी ऑफिस पहुंचे मृतक के पिता दीवान सिंह जाटव ने बेटे की हत्या में सुशील जाटव, शैलेन्द्र जाटव, रूपराम तिवारी के नाम पर संदेह जताया, लेकिन गोहद पुलिस द्वारा एफआईआर पांच अज्ञात लोगों के नाम पर दर्ज कर दी। पिता ने कहा है कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ भी नहीं कर रही। हत्या के 55 दिन बाद भी इस मामले में गोहद पुलिस द्वारा जांच करने का आश्वाशन दिया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि संदेही आरोपियों के साथ मृतक संदीप का विवाद चल रहा था। प्रकरण के एक संदेही द्वारा 2021 में गांव के एक युवक का अपहरण किया गया था। जिसमें संदेही ने संदीप को सह आरोपी बना दिया था। इसके बाद से आरोपी संदीप से बैर रखने लगे थे।
ग्रामीणों ने एसपी से मृतक के परिवार को सुरक्षा, शस्त्र लाईसेंस सहित मृतक की पत्नी को शासकीय नौकरी और सहायता राशि की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। परिजनों का आरोप है कि गोहद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर छोड़ दिया। ज्ञापन में कहा गया कि इसमें गिर्राज गुर्जर पुत्र प्रकाश जो कि पूर्व में व्यापम घोटाले में आरोपी रहा है। उक्त व्यक्ति अपने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अपनी जगह पर किसी अन्य व्यक्ति को बिठाकर मप्र पुलिस भर्ती में आरक्षक के पद पर भर्ती हुआ था, जो कि एसटीएफ द्वारा व्यापम की जांच उपरांत फर्जी पाया गया। इस कारण पुलिस की सेवा समाप्त कर दी गई। उक्त व्यक्ति से पुलिस द्वारा पूछताछ नहीं की गई है। आरोप लगाए गए कि आरोप गणों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। मृतक संदीप जाटव के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है।


