– शिकायतों के चलते साढ़े तीन साल में नहीं बन पाया नाला
भिण्ड, 11 दिसम्बर। नगर परिषद आलमपुर द्वारा ठेकेदार के माध्यम से गीता मैरिज गार्डन से लेकर बस स्टेण्ड तक पक्के नाले का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन कुछ लोगों की शिकायत के चलते अधिकारियों ने चार पांच दिन पहले पक्के नाले का निर्माण कार्य रुकबा दिया है। जिन लोगों के घरों और दुकानों के सामने पक्के नाले के निर्माण हेतु खुदाई हो चुकी है। उन लोगों को घरों और दुकानों के अंदर बाहर आने जाने में भारी परेशानी हो रही है। लेकिन मंगलवार को सीमांकन प्रक्रिया कर पंचनामा बनाया गया है। इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा गुरूवार तक नाले के बंद पड़े काम को शुरू नहीं कराया गया है।
नगर परिषद कार्यालय आलमपुर द्वारा करीब साढ़े तीन साल पहले गीता मैरिज गार्डन से लेकर बस स्टेण्ड तक पक्के नाले का निर्माण कार्य शुरू कराया था। उस समय भी कुछ लोगों ने शिकायत कर पक्के नाले का निर्माण कार्य रूकबा दिया था। उसी समय से उक्त नाले का निर्माण कार्य बंद था। अभी कुछ रोज पहले ही गीता मैरिज गार्डन से बस स्टेण्ड तक पक्के नाले का निर्माण कार्य पुन: शुरू हुआ तो फिर से कुछ लोगों ने शिकायतें कर नाले का निर्माण कार्य रुकबा दिया है। जबकि वार्ड क्र.सात में गीता मैरिज गार्डन से बस स्टेण्ड तक रहने वाले लोग पानी निकलने के लिए नाला नहीं होने के कारण वर्षों से परेशान है।


