– टूटी पुलिया पर अंधेरे में नहीं दिखा रास्ता, ट्रॉली के नीचे दबे थे शव
– लहार अजनार रोड पर नानपुरा गांव के पास की घटना
भिण्ड, 10 दिसम्बर। लहार थाना क्षेत्र में अजनार रोड पर नानपुरा गांव के पास टूटी पुलिया से ट्रेक्टर मय ट्रॉली नहर में गिर गया, जिससे उस पर सवार लहार से धान की फसल बेचकर वापस अपने घर जा रहे पिता-पुत्र सहित तीन किसानों की ट्रॉली के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना मंगलवार-बुधवार दरम्यानी रात की है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को ग्राम रावतपुरा सानी निवासी झिंगुरी सिंह राजपूत उम्र 80 वर्ष पुत्र शीतल सिंह अपने भाई बलबीर सिंह राजपूत उम्र 70 वर्ष एवं पुत्र शिवेन्द्र सिंह राजपूत उम्र 35 वर्ष के साथ ट्रेक्टर ट्रॉली से अपनी धान की फसल बेचने लहार गए थे। जब वह लोग मंगलवार देर रात करीब 10 बजे धान बेचकर वापस अपने गांव जा रहे थे, तभी नानपुरा गांव के पास नहर की टूटी पुलिया से गुजरे तो ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर नहर में गिरकर पलट गई, जिससे उसमे सवार दो सगे भाइयों और एक पुत्र की ट्रॉली के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसा अंधेरे में हुआ, इसलिए किसी को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। पास के खेतों में पानी दे रहे कुछ किसानों की नजर नहर में उल्टे पड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी। पास जाकर देखा तो तीनों किसान ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए थे। ग्रामीणों ने तुरंत लहार पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही टीआई शिवसिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तीनों किसानों की बॉडी को पानी के अंदर से निकलवाया और लहार के सिविल हॉस्पिटल भिजवाया। बुधवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। लहार पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में हादसा पुलिया क्षतिग्रस्त होने और अंधेरे के कारण हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
टूटी पुलिया में गिरकर कई लोगों ने जान गंवाई
लहार थाना अंतर्गत लहार अजनार रोड पर नानपुरा गांव के पास नहर की पुलिया वर्षों से टूटी हुई है, लेकिन इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। क्षेत्र के किसान जान जोखिम में डालकर मजबूरन इस पुलिया से गुजरते हैं। अभी तक इस पुलिया से नहर में कई वाहन गिर चुके हैं और अभी तक दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है। इसका खामियाजा आज फिर से एक परिवार को भुगतना पड़ा है।


