– मानवाधिकार दिवस पर एनएसएस यूनिट द्वारा सामूहिक शपथ एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 10 दिसम्बर। शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक भिण्ड की एनएसएस यूनिट द्वारा मानवाधिकार दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में प्राचार्य पीएस चौहान द्वारा मानवाधिकार संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाकर की गई, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शपथ ग्रहण के बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने शहर में मानवाधिकार, सुरक्षा एवं सम्मान का संदेश देने हेतु जागरूकता रैली निकाली। रैली में विद्यार्थियों ने मानवाधिकारों के संरक्षण, समानता और संवेदनशीलता से जुड़े नारे लगाकर नागरिकों को जागरूक किया। छात्र मानव मानव एक समान-जात पात का मिटे निशान, शिक्षा से अन्याय मिटाएं भाई चारा खूब बढ़ाएं आदि नारे लगा रहे थे। रैली नंबर एक स्कूल से हॉस्पिटल, खंडा रोड, परेड चौराहा होकर, शास्त्री चौराहे से वापस स्कूल तक आई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय से लेकर स्थानीय हॉस्पिटल तक मानव श्रृंखला बनाकर समाज को मानवाधिकारों के सम्मान एवं संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया। इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरज सिंह गुर्जर ने बताया मानवाधिकार दिवस मनाने का उद्देश्य विद्यार्थियों और नागरिकों में मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता एवं जागरूकता बढ़ाना है। 10 दिसंबर 1948 को संयुक्त राष्ट्र सभा द्वारा इसकी घोषणा की गई थी, तब से हर साल 10 दिसंबर को पूरी दुनियां में इसे मनाया जाता है। इस अवसर पर पीटीआई सुरेन्द्र बघेल सहित स्वयं सेवक नीतेश, विष्णु, नृपेन्द्र, विजय, दीपांशी, जान्हवी, श्रेया, दीक्षा, लक्ष्मी, नंदिनी, अवंतिका, कल्पना, देवकी, रिचा, संध्या, दीप्ति, तान्या, पायल, चेतना, प्रियांशु, अनुज, अनुराग, प्रशांत सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित थे।


