– सौर पंप स्थापना हेतु चलाया जा रहा है विशेष अभियान
– इच्छुक पात्र किसानों के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ
भिण्ड, 09 दिसम्बर। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास भिण्ड ने जिले के सभी किसानों से कहा है कि प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना के अंतर्गत सौर पंप स्थापना हेतु राज्य शासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस योजना का लाभ इच्छुक पात्र किसानों को उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ है।
योजना के अंतर्गत 3 एचपी/ 5 एचपी एवं 7.5 एचपी क्षमता के सौर पंप स्वीकृत किए जा रहे हैं। पात्र किसानों को शासन द्वारा निर्धारित अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों को पोर्टल पर ई-केवाईसी/ भू-स्वामित्व अभिलेख/ बैंक विवरण एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन अनिवार्य रूप से पूर्ण करना है। जिन किसानों ने पूर्व में पंजीयन किया है परंतु आवेदन अपूर्ण है वे अंतिम तिथि से पूर्व पोर्टल पर सुधार कर पुन: आवेदन पूर्ण करें। अभियान के अंतर्गत किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा किसानों को जागरुक करने के लिए विशेष प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सभी किसानों से अपील है कि वे समय पर अपनी प्रक्रिया पूर्ण कर योजना का लाभ अवश्य प्राप्त करें। योजना संबंधी विस्तृत जानकारी तथा तकनीकी सहायता हेतु किसान नोडल अधिकारी श्री कमलेश गेहलोत सहायक यंत्री मोबाइल नं.9179185394 एवं 9479382912 से संपर्क कर सकते हैं।

