– सांसद संध्या राय ने लोकसभा सदन में रेल मंत्री का कराया ध्यान आकर्षित
भिण्ड, 06 दिसम्बर। सांसद संध्या राय ने भिण्ड दतिया संसदीय क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करने के लिए भिण्ड रेल्वे स्टेशन को राजधानी दिल्ली एवं भोपाल से सीधे रेल कनेक्टिविटी प्रदान करने का विषय को प्रमुखता से लोकसभा में उठाकर केन्द्रीय रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित कराया।
सांसद संध्या राय ने लोकसभा में केन्द्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव का ध्यान आकर्षित कराते हुए बताया कि भिण्ड नागरिकों की यात्रा सुविधा व्यापारिक गतिविधियों और समग्र विकास के लिए अति महत्वपूर्ण है। भिण्ड देश और प्रदेश की राजधानी से नहीं जुड़ा है। भिण्ड संसदीय क्षेत्र में किसान, महिलाएं, युवा और व्यापारी भी रहते हैं, जिनका दोनों राजधानियों से सीधा संपर्क नहीं है। जिससे व्यापारियों एवं क्षेत्रीय जनता को काफी कठिनाईयां होती हैं। जो प्रदेश के अन्य स्थानों पर काम के सिलसिले में जाते हैं, इन्हें यहां से रेल यात्रा के लिए ग्वालियर या बाहर जाना पड़ता है। भिण्ड एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाए, जिससे यात्री एवं व्यापारियों को कोई कठिनाई न हो, वन्दे भारत स्लीपर कोच या इटावा से जोड़ा जाए, ताकि ढाई घण्टे का जो सफर है, उसकी बचत की जा सके और यहीं से दोनों राजधानियों को कनेक्टेड किया जाए, ताकि उन्हें रेल यात्रा में किसी भी प्रकार की असुविधाएं न हों।
सांसद संध्या राय ने कहा कि भिण्ड दतिया संसदीय क्षेत्र पिछड़ा हुआ है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और समृद्ध भारत का संकल्प लेकर लोकसभा क्षेत्र के दोनों स्टेशनों को अमृत योजना में शामिल किया गया है। जब मैं अपने लोकसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहती हूं, जनता की एक ही मांग से मुझे अवगत कराया जाता है कि दिल्ली और भोपाल दोनों राजधानियों को भिण्ड से नई रेलगाड़ी चलाई जाए, ताकि उन्हें ग्वालियर न जाना पड़े और अपने स्टेशन से ही सुविधाएं उपलब्ध हों। यह मांग काफी लम्बे समय से मेरे क्षेत्र की जनता कर रही है, मैं लोकसभा सदन के माध्यम से आपका ध्यान आकर्षित करा रही हूं। दिल्ली और भोपाल के लिए भिण्ड रेल्वे स्टेशन को नई रेल गाड़ियों से जोड़ा जाए, ताकि क्षेत्रय जनता को इसका लाभ प्राप्त हो।


