– चंबल में कूदी छात्रा की मौत के बाद पीएम हाउस के बाहर दिया धरना
भिण्ड, 03 दिसम्बर। चंबल नदी में कूदकर छात्रा पूजा कैन की मौत के मामले ने अब राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। घटना के 24 घण्टे बाद भी पोस्टमार्टम न होने से नाराज परिजन और आजाद समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी पीएम हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि पूजा की हत्या की गई है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पूजा कैन पुत्री अशोक कैन निवासी भिण्ड अपने घर से किसी काम से जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद परिजनों को पुलिस से सूचना मिली कि पूजा की बॉडी चंबल नदी में मिली है। परिवारजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस ने रेस्क्यू कर शव बरामद किया। जांच के दौरान पुलिस को नदी किनारे पूजा का पर्स मिला जिसमें कुछ आपत्तिजनक सामान मिला। यह सामग्री मिलने के बाद मामला और संदिग्ध हो गया है। मंगलवार शाम शव को चंबल नदी से निकालकर जिला चिकित्सालय के पीएम हाउस भेजा गया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बुधवार दोपहर 2 बजे तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इस बीच मृतका के परिजन आजाद समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों के साथ पीएम हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि पूजा की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है, उसके शव को चंबल नदी में फेंका गया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टि यह मामला सुसाइड का प्रतीत हो रहा है लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


