– गांधी नगर गोहद लोगों ने एसडीएम के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
भिण्ड, 03 दिसम्बर। गल्ला मण्डी तिराहा गोहद पर शराब की दुकान को हटवाने की मांग को लेकर गांधी नगर के लोगों ने एसडीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान वार्ड वासियों ने जानकारी देते हुए बताया कि गल्ला मण्डी तिराहा वार्ड क्र.16 गोहद में लगभग सात आठ माह पूर्व शराब की दुकान खोली गई थी। जबकि गांधीनगर वार्ड 16 में सभी लोग निवास करते हैं, प्रतिष्ठित विद्यालय, मन्दिर एवं बैंक हैं। विद्यालयों में छात्र-छात्राएं अध्ययन करने के लिए जाते हैं, बैंक में महिला पुरुष लेन-देन करने के लिए जाते हैं, शराबी लोग शराब खरीद कर वहीं पीते हैं तथा आने जाने वालों से अभद्रता का व्यवहार करते हैं। वार्ड वासियों ने शराब दुकान मालिक से कई बार मना करने के बावजूद भी निरंतर बिक्री की जा रही है जिससे देर रात्रि और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, वहीं अभद्र गालियां देते हैं, जिससे मोहल्ले के लोगों का वातावरण दूषित हो रहा है, आए दिन झगड़ा होते हैं, वहीं मंगलवार की रात को भी एक युवक को मारपीट के दौरान गंभीर चोटें पहुंचाई। सभी वार्ड वासियों ने एसडीएम के नाम तहसीलदार को दिए गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि 24 घण्टे में शराब की दुकान बंद कराई जाए अन्यथा की स्थिति में 24 घण्टे बाद धरना प्रदर्शन आंदोलन किया जाएगा एवं नेशनल हाईवे को जाम किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में राधा सैनी, जशरथ सिंह, सचिन देसाई, पिंकी, सीमा, सुनीता, भानु, राजवीर सिंह, विक्की, सुनील, सुखलाल, दारासिंह, कोमल, रमेश, विशाल, दयाल सिंह, राय सिंह, पिंटू, सुरेश, अमर सिंह, चरण सिंह, राजकुमारी सहित लगभग आधा सैकड़ा लोग मौजूद रहे।


