– रिक्त दुकानों का ऑनलाइन आवंटन 2 दिसम्बर से
ग्वालियर, 01 दिसम्बर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेले की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। मेले में साफ-सफाई के कार्य को भी तेजी के साथ किया जा रहा है। इसके साथ ही जल प्रदाय हेतु नलकूप खनन का कार्य भी अंतिम चरण में है। मेले में अब तक 240 दुकानों का आधिपत्य मेला प्राधिकरण द्वारा दिया जा चुका है।
मेले में दुकानों को सजाने का कार्य भी दुकानदारों द्वारा तेजी से किया जा रहा है। 25 दिसंबर तक आवंटित दुकानें संचालन की स्थिति में नहीं पाई गईं तो ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने ग्वालियर व्यापार मेले में जिन लोगों को दुकाने आवंटित की हैं, उन्हें तत्काल कार्य प्रारंभ करने को कहा है। इसके साथ ही मेले की सभी तैयारियां तेजी के साथ पूर्ण करने की हिदायत भी दी है। मेले में रिक्त दुकानों के लिए ऑनलाइन आवेदन 2 दिसंबर से किए जा सकेंगे। पोर्टल पर रिक्त दुकानों में इलेक्ट्रोनिक सेक्टर, झूला सेक्टर, जनरल एवं फर्नीचर व कपड़ा सेक्टर अलग से प्रदर्शित हो रहे हैं।
इच्छुक आवेदक अपनी पसंद की दुकानों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएंगीं। मेला सचिव सुनील त्रिपाठी ने बताया कि ग्वालियर मेले में जिन दुकानों को आधिपत्य प्राप्त हो गया है उनके द्वारा दुकानों को सजाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। झूला सेक्टर में भी तेजी के साथ झूले स्थापित करने की कार्रवाई की जा रही है। मेले की साफ-सफाई का अभियान भी तेजी के साथ किया जा रहा है। इस वर्ष मेला पूरी तरह से 25 दिसंबर से प्रारंभ हो जाएगा।


