– यात्रा पर जाने के इच्छुक बुजुर्ग 18 दिसंबर तक कर सकते हैं आवेदन
– एक जनवरी को तीर्थ कराने जाएगी विशेष रेलगाड़ी
ग्वालियर, 01 दिसम्बर। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत प्रदेश सरकार ग्वालियर जिले के 179 बुजुर्गों को तिरुपति-श्रीकालहस्ती तीर्थ कराने जा रही है। तीर्थ दर्शन योजना के तहत विशेष रेलगाड़ी एक जनवरी को पवित्र तिरुपति-श्रीकालहस्ती तीर्थ कराने जाएगी। यह यात्रा एक से सात जनवरी तक प्रस्तावित है। तिरुपति-श्रीकालहस्ती तीर्थयात्रा कराने के लिए आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 दिसंबर शाम 6 बजे निर्धारित की गई है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। तीर्थयात्रियों का चयन कंप्यूटरीकृत लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। इस तीर्थ यात्रा पर जाने के इच्छुक बुजुर्ग योजना संबंधी आवेदन फार्म विभाग की वेबसाईट द्धह्लह्लश्चह्य://स्रद्धड्डह्म्द्वड्डह्य1ड्ड.द्वश्च.द्दश1.द्बठ्ठ से डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही कलेक्ट्रेट, नगर निगम, जनपद पंचायत एवं नगर पालिका परिषद कार्यालयों से भी आवेदन फॉर्म नि:शुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन हिन्दी में स्पष्ट अक्षरों में भरना अनिवार्य है। आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, निवास प्रमाण, आधार कार्ड, वैध पहचान पत्र एवं मोबाइल नंबर संलग्न करना आवश्यक है। पात्रता धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग भोपाल की अधिसूचना के अनुसार 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक (महिलाओं को 2 वर्ष की आयु छूट) तथा आयकरदाता न होने वाले पात्र व्यक्ति तीर्थयात्रा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
65 वर्ष से अधिक आयु वाले अकेले यात्री अपने साथ एक सहायक ले जाने के पात्र होंगे। इसी प्रकार 3 से 5 व्यक्तियों के समूह में सभी की आयु 65 वर्ष से अधिक होने पर समूह के साथ एक सहायक की अनुमति होगी। एक समूह में अधिकतम पांच सहायक जा सकेंगे। हालांकि पति-पत्नी साथ यात्रा करने पर सहायक सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी। कोई शुल्क देय नहीं आवेदन जमा करने पर कोई शुल्क देय नहीं है। यदि कोई व्यक्ति फार्म जमा कराने के नाम पर राशि की मांग करता है, तो इसकी सूचना शाखा प्रभारी के मोबाइल नं.8770925818 या कलेक्ट्रेट कक्ष के दूरभाष क्र.2446214 पर दी जा सकती है।


