– केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने 67 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की दी सौगात
– बहुप्रतीक्षित सिंध जल नदी प्रदाय योजना के तहत अमृत 2.0 योजना का किया भूमिपूजन और एसडीएम भवन एवं तहसील कार्यालय भवन का किया लोकार्पण
गुना, 29 नवम्बर। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना में बहुप्रतीक्षित सिंध नदी जल प्रदाय योजना के अंतर्गत महत्वपूर्ण अमृत 2.0 योजना का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही एसडीएम भवन एवं तहसील भवन कार्यालय का लोकार्पण किया। क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए उन्होंने पार्टली हाईस्कूल के नव निर्मित भवन का भी लोकार्पण किया। इस प्रकार उन्होंने इस कार्यक्रम के माध्यम से गुना क्षेत्र को कुल 67 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी। उल्लेखनीय है कि सिंधिया इस दौरे पर लगभग 200 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने जा रहे हैं और उक्त योजनाएं उसी श्रृंखला का हिस्सा है।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने सर्वप्रथम सिंध नदी जल प्रदाय योजना के अंतर्गत आने वाले 48.75 करोड़ की अमृत 2.0 परियोजना का शिलान्यास किया। यह परियोजना वर्ष 2050 तक गुना शहर को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो बढ़ती आबादी और शहरी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक समाधान प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल शहर की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान देगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी सुरक्षित जल की गारंटी प्रदान करेगी।
एक ही छत के नीचे होंगे त्वरित सेवा के केन्द्र
इसी अवसर पर सिंधिया ने प्रशासनिक संरचनाओं को मजबूत बनाने वाली दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं एस.डी.एम. कार्यालय भवन (8.35 करोड़) और तहसील कार्यालय भवन (7.96 करोड़) का लोकार्पण भी किया। इन भवनों के शुभारंभ से आमजन को राजस्व एवं प्रशासनिक सेवाएं अधिक सुगमता, तेजी और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध होंगी। सिंधिया ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त ये कार्यालय नागरिकों के लिए एक ही छत के नीचे त्वरित सेवाओं का केन्द्र बनेंगे, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।
शिक्षा के क्षेत्र में दी एक और महत्वपूर्ण सौगात
शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सिंधिया ने पार्टली हाईस्कूल (1.47 करोड़) के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। यह विद्यालय आधुनिक शैक्षिक संसाधनों और सुरक्षित अधोसंरचना के साथ ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि शिक्षा, पेयजल, प्रशासनिक संरचना और सार्वजनिक सुविधाएं किसी भी जिले के विकास की मूल आधारशिलाएं हैं और गुना इन चारों आयामों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सिंधिया ने इस अवसर पर क्षेत्र के प्रति अपने व्यक्तिगत जुड़ाव को दोहराते हुए कहा कि गुना केवल उनका संसदीय क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि गुना के हर घर की सुविधा, हर परिवार की समृद्धि और हर युवा के उज्जवल भविष्य के लिए मैं प्रतिबद्ध हूं। जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी शक्ति है और यह शक्ति मुझे गुना के निरंतर विकास के लिए दिन-रात कार्य करने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों ने भाग लिया और शहर की दशकों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में उठाए गए इस निर्णायक कदम के लिए केन्द्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।


