– कांग्रेस ने कलेक्टर सेसभी नगरीय निकायों की 7 दिवस में जांच कर कार्रवाई करने की मांग की
– 7 दिवस बाद ग्रामीण जिला कांग्रेस धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौपेंगी
भिण्ड, 28 नवम्बर। नगर पालिका भिण्ड में संबल और कर्मकार मण्डल योजना में 3 करोड़ रुपए के उजागर हुए घोटाले पर ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन काल में इनके नेताओं के संरक्षण में जिले की लगभग सभी नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में बड़े पैमाने पर भृष्टाचार हुए हैं और हो रहे हैं।
बघेल ने कहा कि उनके पास कई पीड़ित लोगों ने शिकायत की है कि नगर पालिकाओं द्वारा उन्हें लोन दिलाने के नाम पर कई कागजों पर दस्तखत कराकर भ्रष्टाचार किया गया है, जबकि उन्हें कोई लोन नहीं मिला। अब उन्हें पुलिस पूछताछ कर परेशान कर रही है, जिस कारण वह लोग भयभीत हो रहे हैं, क्योंकि ज्यादातर एससी-एसटी, पिछड़े वर्ग, गरीब व कमजोर तबके के लोगों के साथ भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का ताजा उदाहरण भिण्ड नगर पालिका में 3 तीन करोड़ रुपए का घोटाला उजागर होने से स्पष्ट हो गया है कि जिले में भाजपा के संरक्षण में बड़े- बड़े घोटाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिले की सभी नगर पालिका और नगर परिषदों की ढंग से जांच की जाए तो बड़े पैमाने पर करोड़ों रुपए के कई और घोटाले उजागर होंगे, जिससे इसमें शामिल कई बड़े लोगों के नाम भी उजागर होंगे। उन्होंने कहा कि गोहद नगर पालिका सीएमओ पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगते रहे हैं, उसके बाद भी ऐसे भ्रष्ट व्यक्ति को नगर पालिका का सीएमओ पद पर बनाए रखने से स्पष्ट है कि यह सब भ्रष्टाचारी लोग भारतीय जनता पार्टी के संरक्षण में फल-फूल रहे हैं।
बघेल ने भिण्ड कलेक्टर से अपील करते हुए कहा कि वह 7 दिवस के अंदर जिले की समस्त नगर पालिका और नगर परिषदों की उच्च स्तरीय जांच कराकर घोटालों को उजागर कर दोषी लोगों पर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जिला प्रशासन ने 7 दिवस के अंदर जांच कराकर घोटाले उजागर नहीं किए और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की तो ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी कलेक्ट्रेट परिसर पर धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगी।


