– नियम न मानने पर जुर्माने की चेतावनी
भिण्ड, 28 नवम्बर। जिले में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए गुरुवार देर रात बिना रेडियम पट्टियों वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण रात में होने वाली दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है।
एसपी डॉ. असित यादव के निर्देशन में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी टीआई बृजेन्द्र सिंह सेंगर पुलिस टीम के साथ शहर में सड़क सुरक्षा अभियान के लिए निकले। इस दौरान सड़क पर चल रहे बिना रेडियम पट्टियों वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य बड़े वाहनों को रोककर उन पर रेडियम स्टिकर लगाए गए, ताकि रात के समय उनकी दृश्यता बढ़ सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रात में सड़क किनारे खड़े वाहनों की पहचान न होने से गंभीर हादसे होते हैं। कई बार वाहनचालकों को दूर से यह पता ही नहीं चलता कि सड़क पर कोई ट्रॉली या बड़ा वाहन खड़ा है। इसी समस्या को खत्म करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।
टीआई बृजेन्द्र सिंह सेंगर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना पुलिस का प्राथमिक लक्ष्य है और इसी वजह से वाहनों पर रेडियम पट्टियों को अनिवार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि वाहन मालिक नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो आगे कड़ी कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया जाएगा। टीआई का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सड़क हादसों को कम करने के लिए पुलिस पूरी सख्ती के साथ काम करेगी।

