– आईएएस के विवादित बयान पर आक्रोष, एफआईआर की मांग
भिण्ड, 27 नवम्बर। अजाक्स के प्रदेश अध्यक्ष आईएएस संतोष वर्मा के विवादित बयान के खिलाफ पूरे प्रदेश में विरोध तेज हो गया है। इसी क्रम में भिण्ड जिले में भी अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज /परशुराम सेना के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और संतोष वर्मा का पुतला फूंककर उन पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग उठाई।
ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों का आरोप है कि आईएएस संतोष वर्मा ने ब्राह्मण समाज की बहन-बेटियों को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की, जिससे समाज आहत और आक्रोशित है। विरोध प्रदर्शन के दौरान परशुराम सेना के कार्यकर्ता धन्वंतरि कॉम्प्लेक्स में एकत्र हुए और यहां से नारेबाजी करते हुए पुतले को सड़क पर घसीटते हुए इंदिरा गांधी चौराहे तक लेकर पहुंचे। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुतले पर जूतों से प्रहार किया और फरसे से पुतले को काटकर अपना गुस्सा जताया। प्रदर्शन के बाद परशुराम सेना के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा सोनू के नेतृत्व में कार्यकर्ता शहर कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर संतोष वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष पण्डित सतीष जोशी ने कहा कि संतोष वर्मा ओछी मानसिकता वाला व्यक्ति है और उस पर पहले भी महिला उत्पीड़न और धोखाधड़ी जैसे मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। उन्होंने मांग की कि मध्यप्रदेश सरकार तत्काल प्रभाव से संतोष वर्मा को बर्खास्त करे और ब्राह्मण समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में उनके खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाए। शर्मा ने कहा कि आईएएस संतोष वर्मा ने ब्राह्मण समाज की बहन-बेटियों के सम्मान पर हमला किया है। हम मांग करते हैं कि सरकार उन्हें तुरंत बर्खास्त कर उन पर एफआईआर दर्ज करें, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी समाज विशेष पर इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी करने की हिम्मत न कर सके।


