– जेई और मीटर रीडर निलंबित
भिण्ड, 27 नवम्बर। मध्य क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के एमडी क्षितिज सिंघल मंगलवार को भिण्ड पहुंचे और शहर में बिजली सप्लाई और बिलिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। लापरवाही मिलने पर एक जेई और मीटर रीडर को निलंबित कर दिया गया।
एमडी सिंघल सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर बकायेदारों और अनियमितताओं की जांच में जुट गए। लाखों रुपए बकाया रखने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए और बिजली चोरी मिलने पर केस भी बनाए गए। सबसे पहले वे बीटीआई रोड पहुंचे। यहां प्रदीप शुक्ला की आइस फैक्ट्री पर एक लाख 12 हजार रुपए बकाया और बिजली चोरी मिली। कनेक्शन काटकर केस बनाया गया। रामकुमारी शुक्ला के नलकूप से घर की बिजली चल रही थी और 2 लाख 43 हजार रुपए का बकाया मिला। ओमवीर राठौर पर 4 लाख रुपए से अधिक बकाया होने पर भी कनेक्शन काटा गया।
खामियां देख अधिकारियों को फटकार
निरीक्षण के दौरान भरौली तिराहा क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों पर कटिया मिली, जिसे तुरंत हटवाया गया। एमडी ने अधिकारियों को फटकारते हुए कहा कि अवैध उपयोग कैसे रुकेगा, यदि निगरानी ही ढीली रहेगी? इसके बाद वे सरमन स्कूल भी गए, जहां व्यवस्था सामान्य पाई गई।
समीक्षा बैठक में कार्रवाई
समीक्षा बैठक में बिलिंग रिपोर्ट पर नाराजगी जताई गई। इसी दौरान एक जेई को निलंबित किया गया और मीटर रीडर दिनेश राघव पर गलत और अधूरी रीडिंग देने के आरोप में कार्रवाई की गई। शाम को एमडी सिंघल महंगा रोड पहुंचे और टीम के साथ कई बकायेदारों के कनेक्शन चेक किए। इस दौरान मुख्य अभियंता विनोद कटारे और महाप्रबंधक अमरेश शुक्ला भी मौजूद रहे।


