औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में सीएसआर फण्ड का बड़ा घोटाला
– समाजसेवा के काम नहीं दिख रहे जमीन पर
भिण्ड, 22 नवम्बर। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में करीब 40 वर्षों से सैकड़ों छोटी-बड़ी इकाईयां संचालित हैं, तो कई बड़े उद्योग बंद भी हो चुके हैं। लेकिन फैक्ट्री प्रबंधकों और शासन की अनदेखी तो प्रशासन की मनमानी के चलते कभी भी कंपनियों ने अपना फर्ज ईमानदारी से नहीं निभाया है, बल्कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को खुश करने में ही रुचि दिखाई है और आम जनता आज भी अपने हक से वंचित है।
दरअसल सीएसआर फण्ड उन वित्तीय संसाधनों को संदर्भित करता है, जिन्हें कंपनियों द्वारा सामाजिक पर्यावरणीय और सामुदायिक विकास से संबंधित गतिविधियों का समर्थन करने के लिए आवंटित किया जाता है, भारत में कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय ने कंपनी अधिनियम 2013 की तहत सीएसआर को कानूनी रूप से अनिवार्य कर दिया है, कुछ निर्धारित वित्तीय मानदण्डों अथवा टर्नओवर को पूरा करने वाली कंपनियों के लिए अपने पिछले तीन वर्षों के औसत शुद्ध लाभ का कम से कम 2 प्रतिशत सीएसआर गतिविधियों पर खर्च करना अनिवार्य है। सीएसआर फण्ड का उपयोग विभिन्न सामाजिक जनहित के कार्यों के लिए किया जाता है। जैसे- शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, गरीबी उन्मूलन, लैंगिक समानता, पर्यावरण स्थिरता और ग्रामीण विकास परियोजनाओं पर खर्च किया जाता है। कंपनियां इन गतिविधियों को सीधे तौर पर या गैर सरकारी संगठनों अथवा एनजीओ के माध्यम से लागू कर सकती हैं, बशर्ते वे संगठन निर्धारित पात्रता को पूरा करते हो। लेकिन औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में कंपनियों ने सीएसआर फण्ड में भी बड़ा गोलमाल किया है, क्योंकि यहां के जिम्मेदार लोगों और नेताओं ने कभी भी प्रयास नहीं किया कि सीएसआर फण्ड से जनता की हित के कार्यों को किया जाए। बल्कि अपनी जेबें भरते रहे हैं। यही कारण है कि औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर आज भी विकसित नहीं हो सका है, तो दूसरी ओर कई कंपनियों द्वारा फैलए जा रहे प्रदूषण से लोग परेशान हैं। कंपनी प्रबंधकों ने मालिकों को गुमराह कर स्थानीय नेताओं को खुश कर अपनी जेबें भरी हैं। यही कारण है कि एनजीओ द्वारा कराए गए सीएसआर के कार्य जमीन पर दिखाई नहीं देते हैं। लोगों का कहना है कि एनजीओ ने हमेशा सीएसआर फण्ड से कार्यक्रम आयोजित कर फोटो खिंचाकर फॉर्मेलिटी कर करोड़ों का गोलमाल किया है, जिनकी बड़े स्तर पर जांच की जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों ने कैडबरी प्रबंधन लगाए सीएसआर फण्ड में घपले के आरोप
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामनारायण हिण्डोलिया औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में संचालित मोड़लेज (कैडबरी) कंपनी पर सीएसआर फण्ड में गड़बड़ झाले का आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने पूर्व में तत्कालीन कलेक्टर भिण्ड को पत्र लिखकर जांच कराए जाने की मांग की थी। तो वहीं क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता बृजेन्द्र पाल बंसल ने भिण्ड के पूर्व कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को शिकायत कर सीएसआर फण्ड में हुए घपले की जांच करने की मांग की थी, उन्होंने पत्र में उल्लेख किया था कि कंपनी प्रबंधन और स्वयंसेवी संस्था सामाजिक कार्यों के नाम पर सीएसआर फण्ड बंदरबांट कर हड़प रही है। उन्होंने पत्र में यहां तक मांग की थी कि बाकायदा एक समिति बनाई जाए, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि हो और उनकी देख-रेख में सीएसआर की राशि सामाजिक और जनहित कार्यों पर खर्च की जाए तो क्षेत्र की तस्वीर ही बदल जाएगी।
इनका कहना है:
”मुझे क्षेत्रीय लोगों से जानकारी मिली है कि कैडबरी कंपनी के अलावा अन्य कंपनियों में सीएसआर फण्ड के नाम पर करोड़ों का घपला हुआ है। मैं इस संबंध में कलेक्टर से बात करूंगा और इस मामले को विधानसभा में उठाऊंगा।ÓÓ
केशव देसाई, विधायक गोहद


