– आमजन की समस्याओं को सुनने के लिए गांव और वार्डों में विशेष शिविर
भिण्ड, 20 नवम्बर। जिला कांग्रेस द्वारा पिछले दो माह से चलाएं जा रहे ‘जिला कांग्रेस सुनेगी जन की बात’ कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच कांग्रेस कार्यालय पर ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने आम जन की समस्याओं को सुनकर निदान कराने का आश्वासन दिया।
बघेल ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत जिले की सम्मानित जनता जिसे शासन-प्रशासन से कोई समस्या आ रही हो तो वह जिला कांग्रेस कार्यालय पर आकर समस्याओं को बता सकते है, उन समस्याओं को एकत्रित कर समाधान कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा। पूर्व में आई कुछ समस्याओं का निराकरण कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की गलत नीतियों और प्रशासन की अनदेखी के कारण जिले की आमजनता को बड़े पैमाने पर मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पाने के कारण समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जिला कार्यकारणी एवं नए ब्लाक अध्यक्षों की घोषणा के बाद जिला कांग्रेस जिले की पांचो विधानसभा, तहसील, ब्लॉक स्तर से लेकर ग्राम पंचायतों और वार्डों में भी जल्द ही विशेष शिविर लगाकर आमजन से मूलभूत समस्याओं को जानकर उनके निराकरण कराने के लिए प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक हर संभव प्रयास करेगी।
अकोड़ा पंचायत निवासी अभिलाख सिंह यादव ने शिकायत की कि उनके यहां नल-जल योजना के तहत सड़कों को उखाड़ा गया, तभी से सड़के उखड़ी पड़ी हैं और पीने के पानी की काफी किल्लत है, एक शासकीय विद्यालय जर्जर हालत में है और बच्चों को आंगनबाड़ी में पढ़ने को मजबूर हो रहे हैं। अन्य क्षेत्र के लोगों भी ने शिकायक बताई। उक्त शिकायतों के निराकरण कराने का कांग्रेस जिलाध्यक्ष बघेल ने आश्वासन दिया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष महेश जाटव, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, कार्यालय प्रभारी रामस्वरूप गोयल, सोशल मीडिया एवं आईटी सेल जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह भदौरिया, संदीप बघेल, विवेक जामौर, रोहित अर्गल, अभिषेक मौर्य, विपिन बघेल आदि उपस्थित रहे।


