– पुलिस को देख किया फायर, हाथ में गोली लगी
भिण्ड, 19 नवम्बर। जिले की चार थानों की पुलिस ने मंगलवार देर रात शॉर्ट एनकाउंटर में 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार सुबह मौ थाना क्षेत्र के जमदारा गांव के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने हाथ में गोली लगी, जिसके बाद उसे मोर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। आरोपी लूट की दो वारदातों में पिछले कई दिनों से फरार था और पुलिस उसके पीछे लगातार नजर रखे हुए थी।
जानकारी के अनुसार मढ़यापुरा लहार निवासी आरोपी निखिल रायपुरिया असवार क्षेत्र में नवदुर्गा उत्सव के दौरान लोटनपुरा गांव के पास भाई-बहन से लूट की घटना में शामिल था। दोनों असवार जा रहे थे, तभी आरोपी और उसके साथियों ने उन्हें रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इसी तरह अक्टूबर माह में उमरी थाना क्षेत्र के स्योड़ा मार्ग पर आरोपी ने कट्टे की दम पर बाइक सवार को रोककर लूट की थी। दोनों घटनाओं में गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद भिंड एसपी ने आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। देर रात सूचना मिली कि निखिल मौ थाना क्षेत्र के जमदारा गांव के पास देखा गया है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की योजना बनाई। बुधवार सुबह जैसे ही आरोपी गांव के बाहर निकला, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में 3-4 राउण्ड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने हाथ में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। घायल आरोपी को तुरंत मोर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का कट्टा, 3 जिंदा राउण्ड एवं 2 खाली खोखे तथा एक हीरो स्पेिल्डर मोटर साईकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ में अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मौ निरीक्षक रघुवीर सिहं मीणा, थाना प्रभारी ऊमरी निरीक्षक शिवप्रताप राजावत, उपनिरीक्षक वैभव तोमर, अतुल भदौरिया, प्रवेन्द्र गौड़, विवेक प्रभात, प्रदीप भदौरिया, सउनि सत्यवीर सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद पाराशर, महेश कुमार, सतेन्द्र यादव, त्रिवेन्द्र सिंह, आरक्षक आनंद दीक्षित, राहुल यादव, अरविन्द्र, सत्यप्रकाश, पदम रावत, देवेन्द्र सिंह, राघवेन्द्र, शैलेन्द्र, अभिषेक शर्मा, राहुल शुक्ला, पवन यादव, रितिक, प्रशांत नरवरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


