– भाजपा जिलाध्यक्ष ने ग्राम छीमका, नावली, बूटीकुइया, मोती सिंह का पुरा, सर्वा, तुकेड़ा लिया नुक्सान का जायजा पीडि़त किसानों से की चर्चा
भिण्ड, 30 अक्टूबर। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने गोहद क्षेत्र के ग्राम छीमका, नावली, बूटी कुइया, मोती सिंह का पुरा, सर्वा, तुकेड़ा तथा रायतपुरा पहुंचे, जहां अतिवृष्टि से हुए फसलों के नुक्सान का जायजा लिया और पीडि़त किसानों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि धैर्य बनाए रखें, अतिवृष्टि का उचित मुआवजा दिया जाएगा।
उन्होंने किसानों को धैर्य बंधाते हुए कहा कि संकट की घड़ी में प्रदेश की सरकार आपके साथ खड़ी है। सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित करते हुए नुकसान हुई फसलों का सर्वे कराने के लिए कहा है। उन्होंने पीडि़त किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि उचित मुआवजे के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, प्रदेश के कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना एवं जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर अवगत कराया गया है कि किसानों की खेत में खड़ी धान की फसल तेज बारिश और हवा से खेतों पूर्णत: नष्ट हो चुकी हंै। जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली थी, उनके लिए भी यह बारिश मुसीबत बन गई, क्योंकि वे खेतों में रखी फसलों को नहीं उठा पाए और खराब हो गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरवरिया ने कहा कि इसी तरह मेहगांव, लहार, अटेर, भिण्ड में सरसों की बोनी भी कर दी थी, वहां पर भी बीज पूरी तरह खेतों में पानी भर जान से बह गया है। उन्होंने जिले के किसानों से कहा कि भाजपा की सरकार आपके उचित मुआवजे के लिए चिंता कर रही है। जिलाध्यक्ष के साथ किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सरदार निंदर सिंह, पूर्व मण्डल अध्यक्ष कमल सिंह तोमर, आशीष तोमर, राजेश सिंह आदि साथ रहे।


