– दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लाभ एवं पशु स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर की चर्चा
भिण्ड, 09 अक्टूबर। मप्र शासन पशुपालन एवं डेयरी विभाग का अति महत्वपूर्ण कार्यक्रम दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान गुरुवार को पूर्ण हुआ। इस अभियान के तहत उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. एसएस राठौर, जिला नोडल अधिकारी डॉ. स्वदेश थापक एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी रिपुदमन सिंह यादव ने ग्राम दीनपुरा में पशुपालक सूरतराम सिंह यादव के यहां निरीक्षण किया। इस मौके पर जनपद पंचायत भिण्ड की अध्यक्ष श्रीमती सरोज बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
सूरतराम सिंह एक उन्नत पशुपालक हैं जिनके पास लगभग 40 दुधारू पशु हैं, इनको नस्ल सुधार कार्यक्रम के लाभ, पशुपोषण से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लाभ एवं पशु स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विस्तृत रूप से चर्चा की। इसी क्रम में भिण्ड नगर पालिका क्षेत्र में भी वार्ड क्र.30 के निवासी सुनील कुशवाह एवं राहुल शर्मा के यहां भी दल ने निरीक्षण एवं चर्चा की। इस अवसर पर भिण्ड नगर पालिका की अध्यक्ष वर्षा बाल्मीक विशेष रूप से उपस्थित हुईं।
उप संचालक पशुपालन विभाग भिण्ड डॉ. एसएस राठौर ने बताया कि इस पांच दिवसीय अभियान के अंतर्गत भिण्ड जिले के 6 विकास खण्ड के 4517 बड़े पशुपालकों से व्यक्तिगत रूप से घर पहुंचकर विभाग के अधिकारियों ने संपर्क किया। अभियान से संबंधित समस्त जानकारी एप द्वारा ऑनलाईन संधारित की गई। अभियान से समस्त पशुपालक उत्साहित एवं प्रोत्साहित हुए एवं निश्चित रूप से अभियान के सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में मिलेंगे।


