दबोह/भिण्ड। भिण्ड जिले की लहार तहसील के छोटे से गांव सौंसरा की बेटी जागृति शुक्ला की लेखनी अब बड़े पर्दे तक पहुंच गई है। जागृति शुक्ला द्वारा लिखी गई कहानी पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म के टीजर ने रिलीज होते ही दर्शकों और सिनेमा जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
गांव की मिट्टी से निकलकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा के दम पर भारतीय सिनेमा तक पहुंच बनाने वाली जागृति शुक्ला की यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय बनी हुई है।

सौंसरा गांव से लेकर भारतीय सिनेमा के मंच तक का यह सफर जागृति शुक्ला के लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे लहार क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। स्थानीय लोगों और साहित्य एवं कला से जुड़े लोगों में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह है। अब दर्शकों की निगाहें फिल्म के आगामी रिलीज और पूरी कहानी पर टिकी हैं। टीजर के बाद फिल्म को लेकर बढ़ी उत्सुकता ने यह उम्मीद जगाई है कि जागृति शुक्ला की कहानी बड़े पर्दे पर भी अपनी अलग पहचान बनाने में सफल होगी। सौंसरा की बेटी की कलम से निकली कहानी का भारतीय सिनेमा तक पहुंचना, निश्चित रूप से लहार की प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को नई पहचान देने वाली उपलब्धि है।


