गुरु जीवन को देते हैं सही दिशा : राजमणी शर्मा
– डीपीएस स्कूल में गूंजा गुरु सम्मान और संस्कार का संदेश
भिण्ड। भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड द्वारा डीपीएस स्कूल में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को भारतीय संस्कारों, गुरु-शिष्य परंपरा एवं राष्ट्रभाव से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक आरएन तिवारी रहे। अध्यक्षता जुगलकिशोर दुबे ने की, जबकि भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड के सचिव राजमणी शर्मा मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन सुभाष शर्मा ने किया।
शाखा सचिव राजमणी शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। गुरु केवल पुस्तकीय ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा देकर उसके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सेवा का भाव जुड़ जाए तो विद्यार्थी देश और समाज के लिए एक मूल्यवान नागरिक बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति सदैव सम्मान का भाव रखने तथा जीवन में सफलता के साथ अपने सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों को निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद का गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम इसी संस्कार परंपरा को आगे बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास है।
भगवान विश्वकर्मा और प्रधानमंत्री मोदी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
मुख्य अतिथि आरएन तिवारी ने भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन का उल्लेख करते हुए उनके जीवन एवं कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में संस्कारों की नींव जितनी मजबूत होगी, उनका भविष्य उतना ही उज्ज्वल होगा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच सम्मान और आत्मीयता की भावना को भी बल मिला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के 10 विद्यार्थियों को मैडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षा एवं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में योगदान देने वाले 11 शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं भारत विकास परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।


