– 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्त रखने की मांग
लहार। लहार विधायक अम्बरीश शर्मा गुड्डू ने शिक्षकों के सम्मान में मुख्यमंत्री महोदय डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त सभी शासकीय अध्यापकों व शिक्षकों को अनिवार्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से छूट देने का अनुरोध किया है।
विधायक अम्बरीश शर्मा ने पत्र में उल्लेख किया कि लहार सहित पूरे प्रदेश में हजारों शिक्षक पिछले 15 से 20 वर्षों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पूरी निष्ठा के साथ सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन शिक्षकों की नियुक्ति तत्कालीन शासकीय नियमों और प्रक्रियाओं के तहत हुई थी। ऐसे में इतने वर्षों की सेवा के बाद पुन: पात्रता परीक्षा आयोजित करना पूर्णत: अव्यवहारिक है।
सहानुभूतिपूर्वक विचार की अपील
विधायक ने कर्मचारी हितैषी सरकार का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री से वरिष्ठ गुरुजनों के मान-सम्मान व हितों की रक्षा के लिए इस नियम पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। शिक्षकों की इस प्रमुख समस्या को शासन स्तर तक पहुंचाने के लिए लहार विधानसभा क्षेत्र के सभी अध्यापकों और शिक्षकों ने विधायक अम्बरीष शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।


