-रात्रि 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
मेहगांव। गणेश चतुर्थी के आगामी त्यौहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी मनोज रावत ने शासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान सभी पंडालों और समितियों को नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा।
थाना प्रभारी ने निर्देशित किया कि प्रशासन के नियमानुसार गणेश झांकी और पंडालों में रात 10 बजे के बाद डीजे पूरी तरह बंद रहेगा। गणेश प्रतिमा और झांकी के आसपास बिजली के तारों व लाइटों को खुला न छोड़ें। सुरक्षा मानकों का पालन करें ताकि किसी दुर्घटना से बचा जा सके। त्यौहार के दौरान असामाजिक तत्वों और शरारत करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। यदि किसी ने शांति व्यवस्था भंग करने या उपद्रव करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गणेश विसर्जन के दिन तालाब या नदी के किनारे छोटे-छोटे बच्चों को न ले जाएं। इसके अलावा, जिन लोगों को तैरना नहीं आता, उन्हें पानी के करीब जाने से रोका जाए। यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में मिले या कोई असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करे, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। बैठक के अंत में थाना प्रभारी ने सभी नागरिकों से गणेश उत्सव को आपसी भाईचारे, उत्साह और शांति के साथ मनाने की अपील की। इस अवसर पर पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


