– सख्त और तेज-तर्रार कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं अनीता गुर्जर
भिण्ड। मप्र पुलिस मुख्यालय भोपाल ने पुलिस स्थापना बोर्ड के अनुमोदन उपरांत निरीक्षकों एवं कार्यवाहक निरीक्षकों की नई तबादला सूची जारी की है। हाल ही में भिण्ड से पदोन्नति पाकर डीएसपी बने थाना प्रभारियों का स्थानांतरण जिले से बाहर होने के बाद, कानून-व्यवस्था को मजबूती देने के लिए भिण्ड में नए और अनुभवी अधिकारियों की तैनाती की गई है।
ग्वालियर से स्थानांतरित होकर वापस भिण्ड आ रही हैं। निरीक्षक अनीता गुर्जर अपनी तेज-तर्रार, सख्त और निर्भीक कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। वह पूर्व में भी भिण्ड जिले के विभिन्न थानों में अपनी प्रभावी सेवाएं दे चुकी हैं। जिले की भौगोलिक स्थिति, स्थानीय नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई की उनकी क्षमता को देखते हुए उनकी वापसी से अपराधियों में हड़कंप और प्रशासनिक कसावट की उम्मीद है।
अन्य अधिकारियों को भी मिली जिम्मेदारी
अनीता गुर्जर के साथ ही पुलिस मुख्यालय ने अन्य अनुभवी अधिकारियों की तैनाती भी भिण्ड जिले में की है। धीरेन्द्र मिश्रा दतिया जिले से स्थानांतरित होकर भिण्ड पदस्थ किए गए हैं। राम शर्मा पीटीएस (पुलिस ट्रेनिंग स्कूल) तिघरा से भिण्ड भेजे गए हैं। भरत किरार शाजापुर से स्थानांतरित होकर भिण्ड जिले में सेवाएं देंगे। मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अविलंब अपनी नवीन पदस्थापना इकाई में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


