– परिषद ने मेडल व प्रमाण पत्र देकर शिक्षकों और छात्रों को किया सम्मानित
भिण्ड। शासकीय माध्यमिक विद्यालय जामना में भारत विकास परिषद शाखा विवेकानंद के तत्वावधान में शिक्षक-छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट कार्य एवं प्रदर्शन के लिए मेडल तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महाभारत कालीन महान धनुर्धर एकलव्य का प्रेरक उदाहरण देते हुए बच्चों को समझाया कि सच्चा ज्ञान, सफलता और दक्षता केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा, समर्पण और निरंतर अभ्यास से प्राप्त होती है। बच्चों को एकलव्य की भांति अपने लक्ष्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा और अनुशासन रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय के शिक्षक डॉ. संजय कुशवाह द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और विद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। परिषद के सदस्यों ने कहा कि डॉ. कुशवाह की लगन, समर्पित शिक्षण कार्य और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के प्रयास संपूर्ण क्षेत्र के लिए अनुकरणीय हैं। समारोह में मुख्य रूप से भारत विकास परिषद शाखा विवेकानंद भिण्ड के संरक्षक दिलीप सिंह कुशवाह, सचिव सत्येन्द्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष संगीता कौशल तथा सदस्य सुशीला नरवरिया एवं मंजू शर्मा उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से डॉ. संजय कुशवाह, रजनी अहिरवार एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में उपस्थित थे।


