– आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड। सर्वोदय संत लल्लू दद्दा जनसेवा समिति के तत्वावधान में सर्वोदय आश्रम हमीरापुरा में आचार्य विनोबा भावे जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विनोबा भावे के जीवन, उनके सर्वोदय विचारों तथा समाज सेवा में उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विनोवा भावे के चित्र पर दीप प्रज्जवलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
तत्पश्चात सर्व धर्म प्रार्थना के उपरांत संस्था सचिव पहलवान सिंह भदौरिया ने विनोवा जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे सत्य, अहिंसा, प्रेम, सेवा और त्याग की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने समाज में समानता एवं भाईचारे का संदेश दिया। उनके द्वारा चलाए गए भूदान आंदोलन का उद्देश्य समाज में सहयोग और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विनोबा भावे के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सेवा, शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक सद्भाव के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। आभार प्रदर्शन संस्था अध्यक्ष श्रीनारायण शर्मा ने किया। इस अवसर पर मोहर सिंह, राजबहादुर यादव, जगराम सिंह, राघवेन्द्र सिंह, राजाराम सिंह, रिपुदमन सिंह, अवनीश सिंह, सुभाष बौहरे, कप्तान सिंह, दीपक सिंह कप्तान सिंह यादव सहित अनेक लोग मौजूद रहे।


