– गौरई गांव के पास हुआ हादसा, चार बच्चों को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा
भिण्ड। रौन थाना क्षेत्र ग्राम गौरई के पास बुधवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे एक निजी विद्यालय की बस और डंपर के बीच जोरदार टक्कर हो गई है। इस घटना के दौरान बस में सवार आधा दर्जन बच्चें घायल हो गए। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रभारी प्रभांशु दुवे ने तत्काल मछण्ड की 108 एंबुलेंस को घटना स्थल के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंचे मछण्ड 108 के ईएमटी जितेन्द्र राजावत और पायलट विष्णु जादौन ने तत्परता दिखाते हुए घायल सभी बच्चों को तत्काल रौन अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया है।
बताया गया है कि इस दुर्घटना के दौरान बस में सवार बच्चों के सिर, चेहरा एवं हाथ पैर में चोटे आई है। गंभीर रूप से घायल चार बच्चों का रौन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भिण्ड रेफर किया गया है। बस में सवार घायल बच्चों में अर्पश 8 वर्ष, प्रद्युम्न 7 वर्ष, देव राजावत 6 वर्ष, सार्थक राजावत 5 वर्ष, कीर्ति राजावत 12 वर्ष तथा ऋषभ राजावत 6 वर्ष बताए गए हैं। बस में सवार कुछ बच्चों को मामूली चोटे आई हैं।


