– दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिण्ड ने आयोजित किया प्रतिभा सम्मान समारोह
भिण्ड। दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिण्ड द्वारा दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के संस्थापक अध्यक्ष स्व. प्रदीप कुमार सिंह कासलीवाल की षष्ठम पुण्यतिथि के अवसर पर प्रतिभा का सम्मान, संस्कारों का अभिनंदन भाव के साथ प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन दिगंबर जैन कीर्तिस्तंभ मन्दिर लश्कर रोड भिण्ड स्थित कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था सचिव अंशुल-आयशा जैन ने अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों के स्वागत, अभिनंदन एवं आभार के साथ किया।
उन्होंने स्व. प्रदीप कुमार सिंह कासलीवाल के जीवन, व्यक्तित्व एवं सामाजिक तथा संगठनात्मक योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से णमोकार महामंत्र का जाप कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। संस्था के पदाधिकारियों ने चयनित प्रतिभाओं का तिलक बंधन एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मान किया। तत्पश्चात मेडल पहनाकर एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उत्कृष्ट शिक्षक एवं उत्कृष्ट छात्र सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से नवीन कुमार जैन तथा उत्कृष्ट छात्र सम्मान से आत्मार्थी मान्या सुपुत्री संजीव-गीता जैन को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के शिरोमणि संरक्षक एवं राष्ट्रीय निदेशक मंडल सदस्य अशोक-जया जैन, कोषाध्यक्ष रविन्द्र-सुधा जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय निदेशक मण्डल सदस्य अतुल-ज्योति जैन, विकल्प-नीलम जैन, मनीष-गौरी जैन, संजीव-गीता जैन तथा नवीन-अंजू जैन सहित संस्था के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्यगण उपस्थित रहे।
उपस्थित सभी सदस्यों ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज में शिक्षा, संस्कार एवं उत्कृष्टता के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करता है तथा युवा पीढ़ी को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। अंत में संस्था सचिव अंशुल-आयशा जैन ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यगण के प्रति आभार व्यक्त किया।


