– गौरी सरोवर पर गूंजा राष्ट्रगान
भिण्ड। हम फाउण्डेशन द्वारा राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐतिहासिक गौरी सरोवर पर 2 मिनट राष्ट्र के नाम राष्ट्रगान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत प्रोत हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. रमेश दुबे, हम फाउण्डेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, प्रदेश वित्त महामंत्री प्रो. रामानंद शर्मा, प्रांतीय उपाध्यक्ष शैलेष सक्सेना, प्रांतीय समग्र विकास संयोजक दिनेश लोधी आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. रमेश दुबे ने कहा कि ऐतिहासिक गौरी सरोवर जैसे सार्वजनिक स्थल पर सामूहिक राष्ट्रगान का आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देता है। राष्ट्र के सम्मान के लिए सभी नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में भी देश हित और सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने हम फाउण्डेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र भक्ति को केवल शब्दों तक सीमित न रखकर उसे व्यवहार में उतारना आवश्यक है।
प्रो. इकबाल अली ने कहा कि राष्ट्रगान हमें यह स्मरण करता है कि हम सभी की पहचान और सम्मान हमारे राष्ट्र जुड़ा है। 2 मिनट का एक छोटा सा प्रयास समाज में एकता, भाईचारे और राष्ट्र प्रेम की बड़ी भावना पैदा कर सकता है। समाज के हर वर्ग को राष्ट्र के प्रति सम्मान और कर्तव्य की भावना से जोड़ना है। प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि राष्ट्रगान केवल कुछ पंक्तियों का गायन नहीं बल्कि यह देश की एकता, अखण्डता और गौरव का प्रतीक है ऐसे आयोजन लोगों को और विशेषकर युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर सिटी शाखा अध्यक्ष अजीत उपाध्याय, केशवानंद शाखा अध्यक्ष संतोष नरवरिया, राजेश शर्मा, राजीव शर्मा, संजू सिंह भदौरिया सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।


