– नवीन कृषि उपज मण्डी प्रांगण में आयोजित होगा कार्यक्रम
भिण्ड। जिले में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन 5 सितंबर को नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण भरौली तिराहा भिण्ड में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाना प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करेंगे और जिले के प्रगतिशील एवं नवाचारी किसानों से सीधा संवाद करेंगे। संवाद के दौरान किसानों द्वारा कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों में अपनाई जा रही उन्नत कृषि तकनीकों, नवाचारों, आधुनिक कृषि यंत्रों, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि, सिंचाई तकनीक, बीज उत्पादन, कृषि प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन आदि के अनुभव साझा किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उन्नत कृषि तकनीक एवं आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में नवाचार करने वाले किसानों की सफलता की कहानी उनकी जुबानी सुनाई जाएगी। साथ ही उपस्थित किसानों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य एवं अन्य संबद्ध विभागों की जानकारी भी दी जाएगी। कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों एवं नवाचारों की जानकारी तथा किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने हेतु मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
उप संचालक कृषि रामसुजान शर्मा ने जिले के समस्त किसान भाई-बहनों, प्रगतिशील किसानों, युवा कृषकों एवं कृषि से जुड़े हितग्राहियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर बलराम कृषि महोत्सव को सफल बनाएं। यह महोत्सव जिले में कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों, उन्नत तकनीकों और किसानों की उपलब्धियों को प्रदेश स्तर पर साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर है।


