– शोभायात्रा में शामिल हुए सैकड़ों लोग, रथ पर दिखी विभिन्न झांकियां
भिण्ड। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को शहर की सड़कों का नजारा कुछ अलग ही था। लाला बत्ती की पालकी में बैठकर निकलो नंद के लाला… भक्ति गीत की धुन, ढोल-नगाड़ों की थाप और चारों ओर जय श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे। यादव समाज के चल समारोह में हजारों श्रद्धालु वाहनों के साथ शामिल हुए।
चल समारोह पुलिस लाइन से शुरू हुआ, जो वीरेन्द्र वाटिका, माधौगंज हाट, किला रोड, हनुमान बजरिया, गोल मार्केट, सदर बाजार, परेड चौराहा, अग्रसेन चौराहा, इन्दिरा गांधी चौराहा और इटावा रोड होते हुए सर्किट हाउस स्थित प्रमोद मैरिज गार्डन पहुंचा। चल समारोह में भगवान श्रीकृष्ण को लालबत्ती लगी आकर्षक पालकी में विराजमान किया गया। फूलों से सजी पालकी में विराजे कान्हा के दर्शन के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग खड़े रहे।
रथ पर दिखीं कृष्ण की लीलाएं
समारोह में सजे रथों पर भगवान श्रीकृष्ण, भगवान भोलेनाथ सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल थीं। माखन चोरी, गीता उपदेश, कालिय नाग मर्दन और रासलीला जैसे प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया गया। झांकियां देखने के लिए रास्तेभर लोगों की भीड़ जुटी रही। बैंड-बाजों के साथ डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवा और श्रद्धालु नाचते-झूमते चल रहे थे। रास्ते में समाज के पदाधिकारियों और विभिन्न संगठनों ने पुष्पवर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया। इस मौके पर जानकीदास महाराज, त्रिमूर्ति सरकार, राघवदास महाराज सहित समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


