– क्लिनिक के बहार से भी अब कचड़ा नहीं उठाएंगे सफाई कर्मी
– गार्डन में बची सब्जी पूड़ी गौशाला या वृद्धाश्रम मे भेजें, रोड या नाले में डाली तो होगी कार्रवाई
लहार/भिण्ड। नवागत मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्योति सुनहेरे के निर्देशानुसार स्थानीय नगर पालिका निकाय के अंतर्गत आने वाले होटल एवं गार्डन मे शादियों के समय जो अपशिष्ट उत्पन्न होते हैं, चाहे वो गीला कचड़ा हो या सूखा कचड़ा, सबका नष्टिकरण अब गार्डन एवं होटल संचालक खुद अपनी जिम्मेदारी पर अपने ही परिसर मे करेंगे। ऐसा कचड़ा अगर नगर में कही भी डला या बदबू मारते मिला तो गार्डन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्योति सुनहेरे ने कहा कि नगर मे संचालित क्लिनिक जिनके बहार सिरिंज बोतल दबाईयां डली होती हैं, उसके उठाने की जिम्मेदारी भी अब नगर पालिका की नहीं होंगी, क्योंकि ऐसा कचड़ा उठाने से सफाई कर्मियों के बीमार होने का खतरा बना रहता है, जिसके कारण सफाई कर्मियों के हित में ये निर्णय लिए गए।
नगर पालिका लहार की स्वछता टीम भूपेन्द्र कुमार, अरविन्द गोहर, संजय ने निकाय के गार्डन एवं होटल में औचक निरीक्षण किया एवं जागरूकता अभियान के तहत उन्हें बताया कि उनके परिसर से निकलने वाले गीले कचरे का नष्टीकरण अब उन्हें अपने ही परिसर में करना है। जागरूकता अभियान के तहत आज कर्मचारी अग्रसेन पैलेस, अग्रसेन होटल, पटेल मैरिज गार्डन, राधे रघुवीर पैलेस करने पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों को जागरुक किया। आगे सभी होटल्स एवं मैरिज गार्डन्स की बारी है, अगर कहीं भी इधर उधर कचरा फेंकते हुए पाए गए या परिसर में कचड़ा नष्ट नहीं किया गया तो संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।


