जन्माष्टमी पर्व पर बच्चों ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता में दिखाया उत्साह
मेहगांव/भिण्ड। शा. प्राथमिक विद्यालय पचेरा (जन शिक्षा केन्द्र बरहद ब्लॉक मेहगांव) में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, श्रद्धा और सांस्कृतिक उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। समारोह में मुख्य आकर्षण का केन्द्र मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मटकी फोड़ के रोमांच के अलावा विद्यालय परिसर में विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता: छोटे-छोटे बच्चे श्रीकृष्ण और राधा रानी की सुंदर वेशभूषा में सजकर विद्यालय पहुंचे, जिन्होंने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
भजन एवं नृत्य प्रस्तुतियां: विद्यार्थियों द्वारा श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित मधुर भजनों और देशभक्ति व सांस्कृतिक गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किए गए।
कृष्ण लीला मंचन: बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप एवं उनकी बाल लीलाओं का सुंदर लघु नाटक के माध्यम से मंचन किया।
प्रसाद वितरण: कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों एवं ग्रामीणों को माखन-मिश्री और पंजीरी का प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर शाला प्रभारी अंजू शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बच्चों को जन्माष्टमी पर्व के महत्व तथा भगवान श्रीकृष्ण के संदेशों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर श्रोतम सिंह भदौरिया एवं सर्वेश कुमार दीक्षित ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित जन शिक्षक (सीएसी) संजीव शर्मा ने विद्यालय परिवार को इस सफल और अनुशासित आयोजन के लिए बधाई दी और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



