– ‘बाइक पर सवार बच्चा गिर रहा है कहकर रोकी बाइक
लहार/भिण्ड – लहार थाना क्षेत्र के रहावली उवारी निवासी एक परिवार के साथ बाइक सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने हथियार की नोक पर लूटपाट की सनसनी खेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाश चकमा देकर फरियादी की बाइक रुकवाकर करीब 60 हजार रुपए कीमत के सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित महेन्द्र उम्र 28 वर्ष पुत्र आज्ञाराम जाटव ने थाने में दी शिकायत में बताया कि वह अपनी मोटर साइकिल से पत्नी रेशमा और दो बच्चों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक काले रंग की बिना नंबर वाली यामाहा आर-15 बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश युवक आए। बदमाशों ने महेन्द्र की बाइक के बगल में आकर शोर मचाया कि ‘तुम्हारा बच्चा बाइक से गिर रहा है। अनहोनी की आशंका में महेन्द्र ने तुरंत बाइक किनारे खड़ी कर दी। बाइक रुकते ही आरोपी बाइक से उतरे। उनमें से दो बदमाशों के हाथों में कट्टे (तमंचे) थे। एक बदमाश ने महेन्द्र का कंधा पकड़कर उसकी कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया, जबकि दूसरे बदमाश ने रेशमा के गले पर झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र और दाहिने कान का बृजबाला खींच लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों नकाबपोश बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए तेजी से मौके से भाग निकले। पीड़ित के अनुसार, लूटे गए मंगलसूत्र और कान के बाले की कीमत करीब 60 हजार रुपए है। लहार पुलिस आस-पास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों की शिनाख्त के प्रयास में जुट गई है।


