– मेला की तैयारियों को लेकर दंदरौआ धाम में बैठक आयोजित
भिण्ड। आगामी 22 सितंबर को बुढ़वा मंगल के अवसर पर आयोजित होने वाले दंदरौआ धाम मेले की तैयारियों के संबंध में 1008 महामंडलेश्वर महंत रामदास महाराज की अध्यक्षता में मेहगांव एसडीएम नवनीत शर्मा ने बुधवार को बैठक ली।
एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बुढ़वा मंगल के दिन दंदरौआ धाम में आयोजित होने वाले मेले की सभी तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा बुढ़वा मंगल पर पॉलिथिन की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही बिजली और पानी की व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, और सड़क किनारे की झाड़ियों की सफाई, श्रद्धालुओं के लिए पीने के लिए पानी की उपलब्धता और अस्थाई टॉयलेट की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीएचओ मेहगांव डॉ. लवकुश गुर्जर को निर्देश दिए कि सभी गेटों पर एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए इसके अलावा डॉक्टरों की भी नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने नगर परिषद अधिकारी मेहगांव एवं गोहद, मौ, मालनपुर को मेले के दौरान सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एमपीईबी को निर्देश दिए कि मेले के दौरान आवश्यक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे 24 घण्टे निर्बाध बिजली की आपूर्ति उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले की अवधि में लाइट नहीं जानी चाहिए। इसके साथ ही कार्यपालन यंत्री को पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए पानी की टंकी की सफाई कराने और मार्ग में जगह-जगह पीने के पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर एसडीओपी मेहगांव संजय कोच्छा, जनपद पंचायत मेहगांव एवं गोहद सीईओ, तहसीलदार मनोज धाकड़, खण्ड शिक्षा अधिकारी राजवीर शर्मा, थाना प्रभारी मेहगांव रविन्द्र शर्मा, रामवरन पुजारी, धाम के प्रवक्ता जलज त्रिपाठी, सेकेट्री अशोक पाराशर, पटवारी रविन्द्र उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


