– कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पुलिस की तत्परता की सराहना की, जिले के व्यापारियों को सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई
भिण्ड। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने भिण्ड के व्यापारी निलेश जैन के अपहरण की घटना को अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक बताते हुए कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए निलेश जैन को सुरक्षित बरामद किया,जो सराहनीय है। बघेल ने रात्रि में ही सिटी कोतवाली पहुंचकर व्यापारी निलेश जैन से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और पुलिस प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।
बघेल ने कहा कि कुछ पैसों की लेन-देन की चर्चा हो रही है, अगर पैसों के लेन-देन का मामला था, तब भी कानून किसी को हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। अपराधियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की वारदात करने का साहस न कर सके। उन्होंने कहा कि व्यापारियों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन- प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। इस अवसर पर संगठन महासचिव महेश जाटव, संदीप बघेल, अभिषेक मौर्य, रोहित अर्गल आदि साथ रहे।


