– प्रधानमंत्री, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
– वर्षों से अधूरा बने पुल पर जनता जान जोखिम में डालने को मजबूर
भिण्ड। अटेर चंबल पुल को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मण्डल ने प्रधानमंत्री, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना को ज्ञापन सौंपकर लंबित अनुमति तत्काल जारी करने, निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा पुल को आमजन के लिए तत्काल प्रारंभ करने की मांग की।
ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने चंबल नदी पर अटेर-जेतपुर के बीच निर्माणाधीन पुल का कार्य वर्षों से अधूरा रहने पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की केन्द्र, मप्र एवं उप्र सरकारों की उदासीनता का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। पुल का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद आवश्यक अनुमति लंबित रहने से लोग आज भी लकड़ी एवं लोहे की अस्थायी सीढ़ियों के सहारे अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को विवश हैं।
बघेल ने कहा कि यह कोई नया विषय नहीं है। पूर्व में इस पुल को शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों द्वारा धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन भी किए जा चुके हैं। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) भिण्ड ने भी पूर्व में जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री मप्र को इस समस्या से अवगत कराया था और इस संबंध में कांग्रेस के अटेर विधायक हेमंत कटारे भी मांग कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस और प्रभावी पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि दो राज्यों को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण पुल आज भी शासन एवं प्रशासनिक उदासीनता का शिकार बना हुआ है। यदि समय पर अनुमति देकर निर्माण कार्य पूरा कराया जाता,तो क्षेत्र की जनता, किसानों,विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं मरीजों को अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार करने की नौबत नहीं आती।
उन्होंने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनहित के इस अत्यंत महत्वपूर्ण विषय पर भी सरकारें संवेदनशीलता नहीं दिखातीं,तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रतिनिधि मण्डल में पूर्व जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल, संगठन महासचिव महेश जाटव, बाबूराम जामोर, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, नरोत्तम सिंह नरवरिया, रामस्वरूप गोयल, एससी विभाग के ग्रामीण जिलाध्यक्ष रूपसिंह खन्ना, अरविन्द यादव हैवदपुरा, राहुल सिंह कुशवाह, राजेन्द्र यादव, उपेन्द्र यादव मौ, विवेक जामोर, संदीप बघेल, प्रमोद बघेल, रोहित अर्गल, अभिषेक मौर्य, पपलेश जाटव आदि कांग्रेस जन उपस्थिति रहे।


