– सामाजिक एकता को मजबूत करने का दिया संदेश
भिण्ड ब्यूरो – दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के अंतर्गत चंबल रीजन के भिण्ड जिले के समस्त दिगंबर जैन सोशल ग्रुपों को एक सूत्र में जोड़ने के उद्देश्य से दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिण्ड द्वारा शनिवार को दिगंबर जैन महावीर कीर्तिस्तंभ मन्दिर लश्कर रोड भिण्ड में ऐतिहासिक भुजरिया मिलन समारोह एवं सामूहिक भक्तामर पाठ का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक भक्तामर पाठ एवं आरती के साथ हुआ। भक्तामर पाठ के उपरांत उपस्थित सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं परिवारजनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर भुजरिया मिलन की शुभकामनाएं एवं बधाई दीं। इस दौरान मन्दिर परिसर प्रेम, सौहार्द, अपनत्व एवं भाईचारे की भावना से सराबोर हो उठा। इस अवसर पर भिण्ड जिले के दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सीनियर सिटीजन मेन, अजितनाथ, सार्थक ग्रुप के पदाधिकारी एवं दांपत्य सदस्य सहित सिटी भिण्ड परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 120 सदस्य परिवारों ने अपनी सहभागिता प्रदान की यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सभी ग्रुपों एवं परिवारों को एक सूत्र में जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।
संस्था सचिव अंशुल आयशा जैन ने कार्यक्रम में पधारे अतिथियों एवं परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी के सहयोग एवं स्नेहपूर्ण सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के उपरांत सुमित रिंकी जैन (रानीपुर वाले) एवं ऋषभ सोनम जैन (रानीपुर वाले) द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों एवं परिवारजनों को अत्यंत वात्सल्यपूर्ण स्वल्पाहार कराया गया। इससे पूर्व कार्यक्रम में पधारे हुए समस्त अतिथियों का संस्था अध्यक्ष शैलेन्द्र पूनम जैन, कोषाध्यक्ष रविन्द्र सुधा जैन, शिरोमणि संरक्षक एवं राष्ट्रीय निदेशक मण्डल सदस्य अशोक जया जैन तथा राष्ट्रीय निदेशक मण्डल सदस्य अतुल ज्योति जैन सहित दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिण्ड के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यगण ने अतिथियों का हाथ जोड़कर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम के माध्यम से सभी ने धर्म, भक्ति एवं सामाजिक एकता के साथ-साथ आपसी प्रेम और भाईचारे को निरंतर मजबूत करने का संकल्प लिया। भुजरिया मिलन समारोह ने वास्तव में भिण्ड जिले के दिगंबर जैन सोशल ग्रुप परिवारों के बीच अपनत्व एवं एकता की एक सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।


