20 अगस्त से 10 सितम्बर तक आयोजित की जायेगी कलश रथ यात्रा
भिंड ब्यूरो – संतशिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जन्मजयंती के अवसर पर गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान अंतर्गत नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कलश रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मेहगांव के मंडी प्रांगण में आयोजित समारोह में मंत्री शुक्ला और श्री श्री 1008 महंत श्री कालिदास जी महाराज (सांई धाम तेजपुरा सरकार), भूमियाँ सरकार धाम के पीठाधीश्वर व मुख्य संत पंडित हरिओम दास महाराज, अम्बेडकर आश्रम के महंत बालक दास महाराज ने अन्य जनप्रतिनिधियों तथा संतगण के साथ संत रविदास मंदिर में भोपाल से जिले को प्राप्त पवित्र कलश का पूजन किया और स्थानीय प्रतिनिधियों को पवित्र कलशों का वितरण किया।

मंत्री शुक्ला ने बताया कि जब 650 वर्ष पूर्व समाज में समरसता का कोई भाव नहीं था, तब संत शिरोमणि रविदास महाराज ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद समरसता की अलख जगाने का काम किया। उन्होंने कहा कि कलश रथ यात्रा संत शिरोमणि के इसी समरसता और भाईचारे के भाव को जनमानस में जागृत करेंगी। उन्होंने आशा जताई कि समाज जब भाईचारे, देशभक्ति और एकता के साथ आगे बढ़ेगा तब देश को तोड़ने का काम करने वाली ताकतें परास्त होंगी और देश निश्चित ही विश्वगुरु बन कर रहेगा। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे पूरी श्रद्धा के साथ कलश रथ यात्रा निकालें और यात्रा को भव्य बनाने में योगदान दें। इससे पूर्व मंत्री श्री शुक्ला ने कार्यक्रम में पधारे संतगण का शाल और श्रीफल देकर सम्मान किया। उन्होंने मंदिर प्रागंण में स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
संतशिरोमणि रविदास महाराज के जीवन दर्शन तथा उनके समरसता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से इस अभियान एवं यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत 20 अगस्त 2026 से 10 सितम्बर 2026 तक पवित्र कलशों को स्थानीय संतशिरोमणि श्रीगुरु रविदास महाराज मंदिर एवं ग्राम स्तर तक रथ यात्रा के माध्यम से पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम मेहगांव, नगर परिषद मेहगांव अध्यक्ष, पंचायत सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे।


